गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सीबीआई ने रिश्वत के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया

भुवनेश्वर : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वत मामले में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ओडिशा क्षेत्र, भुवनेश्वर के एक महाप्रबंधक और एक प्रबंधक (लेखा) सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई सूत्रों ने बुधवार को बताया कि चावल अनाज के परिवहन से संबंधित एक टेंडर हासिल करने में प्रोपराइटर की फर्म को लाभ पहुंचाने के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों ने बताया कि सीबीआई ने गत 28 जून को एफसीआई , ओडिशा क्षेत्र, भुवनेश्वर के एक महाप्रबंधक और एक प्रबंधक (लेखा), दो बिचौलियों, एक निजी कंपनी के कोलकाता स्थित प्रोपराइटर और अज्ञात अन्य सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
आरोप है कि आरोपी एफसीआई महाप्रबंधक, बिचौलियों, एफसीआई के प्रबंधक (लेखा) और निजी फर्म के आरोपी मालिक के साथ मिलकर चावल के परिवहन से संबंधित निविदा प्रक्रिया से संबंधित मामलों में भ्रष्ट गतिविधियों में लिप्त थे जिससे उन्हें गलत तरीके से लाभ हुआ और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा।
एफसीआई के महाप्रबंधक ने एक फर्म के आरोपी मालिक का पक्ष लिया जिसने एक फर्म के नाम से निविदा में भाग लिया था, जिसे ‘चावल के परिवहन’ से संबंधित एल-1 घोषित किया गया था।
एक आरोपी बिचौलिए ने एफसीआई के महाप्रबंधक से संपर्क किया और बताया कि उक्त प्रोपराइटर निविदा में कार्य आदेश के आवंटन में सहायता करने के लिए उसे रिश्वत देना चाहता है। आरोपी महाप्रबंधक ने इसके बदले में पांच लाख रुपये रिश्वत मांगी।
सीबीआई ने जाल बिछाया और एफसीआई के महाप्रबंधक और प्रोपराइटर तथा अन्य आरोपी बिचौलियों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इस दौरान तीनों आरोपियों को पकड़ा गया और गिरफ्तार आरोपियों को भुवनेश्वर की सक्षम अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें अगले 06 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
सीबीआई ने कोलकाता, हैदराबाद और भुवनेश्वर में भी तलाशी ली जिसमें करीब पांच लाख रुपये नकद, लॉकर की चाबियां, मोबाइल, लैपटॉप और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए। मामले में जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *