गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कार्ति चिदंबरम के ठिकानों पर CBI रेड

KARTI CHIDAMBRAM

नई दिल्ली: सीबीआई ने मंगलवार को विदेशों से मिलने वाले फंड के मामले में पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम से संबंधित नौ परिसरों और कार्यालयों की तलाशी ली। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई के अधिकारी चेन्नई सहित देश भर में स्थित कार्ति के कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रहे हैं। यह छापेमारी विदेशों से कथित तौर पर फंड मिलने के एक मामले के आधार पर की जा रही है।
इस बीच, श्री चिदम्बरम ने छापे की जानकारी देते हुए ट्वीट किया “आज सुबह, सीबीआई की एक टीम ने चेन्नई में मेरे आवास और दिल्ली में मेरे आधिकारिक आवास की तलाशी ली। टीम ने मुझे एक प्राथमिकी की प्रति दिखाई जिसमें मेरा नाम आरोपी के रूप में नहीं है। तलाशी टीम को ना कुछ मिला और ना ही कुछ जब्त किया। मैं कह सकता हूं कि छापेमारे का यह समय दिलचस्प है।” कांग्रेस के नेता एवं लोकसभा में पार्टी के सांसद कार्ति चिदम्बरम ने ट्वीट किया “मैं गिनती भूल गया हूं कि ऐसा कितनी बार हुआ है। यह एक रिकॉर्ड बनेगा।”
इस बीच कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीपसिंह सुरजेवाला ने कहा “श्री पी चिदम्बरम राष्ट्रवादी और देशभक्त हैं और देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता निर्विवाद है। सीबीआई ने जिस तरह से पूर्व गृह मंत्री एवं वित्त मंत्री के खिलाफ प्रायोजित और बेतुके आरोप लगाए गए हैं वह राजनीतिक स्तर में आई गिरावट को प्रदर्शित करता है।”
सीबीआई ने विदेशों से मिलने वाले फंड के मामले में पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम के दिल्ली, मुंबई और चेन्नई स्थित कई ठिकानों पर छापेमारी की और नया मामला दर्ज किया है।
सीबीआई सूत्रों ने यह भी बताया कि सांसद कार्ति के खिलाफ प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रूप से उनसे जुड़ी कंपनियों को विदेशों से मिलने वाले अवैध फंड को लेकर नया मामला दर्ज किया गया है। इस छापेमारी में मुंबई के तीन स्थान भी शामिल हैं। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2017 में विदेशों से मिलने वाले फंड फॉरेन इनवेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) की मंजूरी में कई तरह अनियमितता को लेकर कार्ति चिदंबरम कई ठिकानों पर छापेमारी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *