अमृतसर : कुलदीप सिंह धालीवाल ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार को सिखों के धार्मिक मामलों में दखल नहीं देना चाहिए और सिख सैनिकों के लिए लौह टोप का फैसला वापस लेना चाहिए।
धालीवाल ने कहा कि हर सिख के लिए पगड़ी सर्वोच्च होती है और हेलमेट पहनने के लिए इसे उतारा नहीं जा सकता। उन्होंने जेलों में बंद सिख कैदियों की रिहाई पर कहा कि व्यक्ति चाहे किसी भी जाति-धर्म का हो, यदि उसकी सजा पूरी हो चुकी है तो उसे रिहा किया जाना चाहिए और हमारी सरकार ने केंद्र से सजा पूरी कर चुके सिख कैदियों को रिहा करने के लिए आग्रह किया है।
कैबिनेट मंत्री ने आज अजनाला विधानसभा क्षेत्र सुधार, आवां, गग्गोमहल और गांव चम्यारी में दाना मंडियों में बनने वाले स्टील कवर शेड का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है और किसानों को मंडियों में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। अजनाला विधानसभा क्षेत्र की सभी मंडियों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बनने वाले प्रत्येक शेड पर 84 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे और मंडियों में यार्ड भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खराब मौसम की स्थिति में किसानों को फसलों के रख-रखाव में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन इन शेडों के बनने से किसानों को काफी राहत मिलेगी।
धालीवाल ने कहा कि अजनाला विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में आधुनिक स्थान, पंचायत घर और पशु चिकित्सालय भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी गेहूं सीजन को ध्यान में रखते हुए तैयारी शुरू कर दी गई है और जिस तरह धान के सीजन में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी गई, उसी तरह गेहूं के सीजन में भी किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
सिखों के धार्मिक मामलों में दखल न दे केंद्र
