बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में आज एक कर्मचारी की विद्युत पोल पर करंट लगने के चलते मृत्यु हो जाने के बाद ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए खंडवा वड़ोदरा राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया। राजपुर के थाना प्रभारी यशवंत बडोले ने बताया कि इंद्रपुर क्षेत्र में टेंडर के माध्यम से विद्युत लाइन का कार्य चल रहा था। आज आउटसोर्स कर्मचारी (मीटर रीडर) 28 वर्षीय प्रकाश वास्कले को विद्युत पोल पर चढ़ा कर काम कराया जा रहा था। इसी दौरान करंट लगने से वह नीचे गिरा, और उसे राजपुर लाए जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के चलते आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन आरंभ कर दिया जिसके चलते खंडवा वडोदरा राजमार्ग बाधित हो गया। उन्होंने बताया कि परिजनों का आरोप था कि मीटर रीडर को लाइनमैन का काम कराया जा रहा था और कार्य के दौरान जानबूझकर करंट चालू कर दिए जाने के चलते उसकी मृत्यु हुई है।
उन्होंने बताया कि परिजनों ने उसकी मृत्यु के लिये मुआवजा राशि, एक व्यक्ति को शासकीय नौकरी तथा घटना की जांच की मांग रखी, जिसे टेंडर लेने वाली कंपनी और विद्युत वितरण कंपनी द्वारा मान लिया गया और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। उन्होंने बताया कि विद्युत पोल पर करंट कैसे आया, इस बिंदु की जांच आरंभ कर दी गई है।
ग्रामीण अखिलेश पटेल तथा अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि कर्मचारी की हत्या की गई है । उधर मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के संभागीय अभियंता नितिन चौहान ने बताया कि मामले की प्रत्येक स्तर पर जांच की जा रही है। फिलहाल लाइनमैन गणेश गनवानी को निलंबित कर दिया गया है।
