मुरैना : मध्यप्रदेश के चंबल संभागायुक्त ने कार्य मे लपरवाही बरतने पर एक प्रधान अध्यापक को आज तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्योपुर कलेक्टर ने सात फरवरी को शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 श्योपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रधान अध्यापक कमलजीत सिंह सिसोदिया अनुपस्थित पाये गये। इसके अलावा विद्यालय में कई अव्यवस्थाए, साफ-सफाई एवं मध्यान्ह भोजन सहित शिकायतें विद्यार्थियों ने की। शैक्षणिक स्तर भी अत्यधिक न्यूनतम पाया गया। इस संबंध में श्योपुर कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिस जारी किया, जिसका जबाव प्रधान अध्यापक ने संतोषप्रद नहीं दिया।
इस पर श्योपुर कलेक्टर ने चंबल कमिश्नर दीपक सिंह को प्रस्ताव भेजा। प्रस्ताव के आधार पर कमिश्नर श्री सिंह ने शासकीय कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता मानते हुये प्रधान अध्यापक कमलजीत सिंह सिसोदिया को आज तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
चंबल संभागायुक्त ने प्रधान अध्यापक को किया निलंबित
