श्रीनगर : कश्मीर क्षेत्र के व्यापक हिस्से में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश और हिमपात होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि अगले 24 घंटों में कश्मीर संभाग में हिमपात और हल्की बारिश तथा गरज के साथ छींटे पड़े के आसार हैं। वहीं जम्मू संभाग में छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा ।
राजधानी श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। यहां शुक्रवार को दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।अनंतनाग जिले के पहलगाम रिसॉर्ट में रात का तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इससे पहले की रात 1.7 डिग्री सेल्सियस था। रिसॉर्ट में शुक्रवार को दिन का तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में रात का तापमान शून्य से 01 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 3.5 डिग्री अधिक है। यहां शुक्रवार को दिन का तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घाटी के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान पिछली रात के 5.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जम्मू क्षेत्र में रात के तापमान में वृद्धि हो रही है।
जम्मू में बीती रात न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जम्मू क्षेत्र के बनिहाल में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, बटोटे में 9.2 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 13.6 डिग्री सेल्सियस और भदरवाह में 07 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख के लेह और कारगिल में न्यूनतम तापमान क्रमशः शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस और शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू कश्मीर में बारिश और हिमपात के आसार
