गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर बारिश, हिमपात के आसार

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात के होने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने यह जानकारी दी। मौसम कार्यालय ने सोमवार को कहा कि केन्द्रशासित प्रदेश में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात हो सकती है। जबकि मंगलवार को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे।
विभाग ने बुधवार को तेज हवाओं और गरज, चमक के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात होने का अनुमान जताया है। इसके अलावा 14 मार्च को प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है। विभाग के मुताबिक 15 से 20 मार्च तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
प्रदेश में रविवार देर रात कश्मीर घाटी के सभी पर्यटन स्थलों पर न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ और यह सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। श्रीनगर में कल देर रात न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में यह सामान्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पर्यटन स्थल कोकेरनाग में भी आज न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पहलगाम में रात के तापमान में हालांकि मामूली सुधार हुआ और एक दिन पहले के शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के इस प्रसिद्ध पर्यटक स्थल के लिए तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में तापमान में भी सुधार देखा गया और पिछली रात शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले यह शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारामूला जिले में आज न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *