गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर में बारिश, बर्फबारी के आसार

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) के कारण अगले 24 घंटों के दौरान बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है।
प्रदेश में 28 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होगी, जबकि 29 फरवरी को आम तौर पर बादल छाए रहेंगे और छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी के अनुमान हैं।
जम्मू कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर एक मार्च की देर शाम से तीन मार्च की दोपहर के दौरान मध्यम बारिश या बर्फबारी होने के आसार हैं, कुछ मध्य और ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बारिश/बर्फबारी होने के आसार हैं।
प्रदेश के कुछ स्थानों पर एक से दो मार्च के दौरान तेज़ हवाओं के साथ गरज, बिजली या ओलावृष्टि का अनुमान हैं। मौसम कार्यालय ने पर्यटकों और यात्रियों के लिए एक सलाह भी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि उन्हें तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाये और कुछ मध्य और ऊंचे इलाकों में भारी से बहुत भारी बर्फबारी के मद्देनजर प्रशासन और यातायात पुलिस की सलाह का पालन करना चाहिये।
इसने पहाड़ी इलाकों में रहने वाली आम जनता को भी चेतावनी दी है कि वे हिमस्खलन-संभावित और ढलान वाले इलाकों में न जाएं। कुछ स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की संभावना है। इसमें कहा गया है कि किसानों को मार्च के पहले सप्ताह के दौरान सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों को रोकने की सलाह दी जाती है।
मौसम कार्यालय ने कहा कि श्रीनगर में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि के दौरान न्यूनतम तापमान पिछली रात के 0.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले -2.0 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम था।
गुलमर्ग में रात के तापमान में सुधार हुआ लेकिन पिछली रात -10.0 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले -9.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी जगह बनी रही। उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम था।
पर्यटन स्थल पहलगाम में पारा पिछली रात के शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले शून्य से 7.0 डिग्री सेल्सियस कम तक गिर गया, और यह दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल के लिए सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम था।
श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम था और दक्षिण कश्मीर में पिकनिक स्पॉट कोकेरनाग में पिछली रात के शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया ।
कुपवाड़ा में भी न्यूनतम तापमान शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया और यह रविवार को सीमांत उत्तरी कश्मीर जिले के लिए सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *