श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में इस महीने के अंत तक मौसम शुष्क रहने के आसार है। मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। कश्मीर मौसम के स्वतंत्र पूर्वानुमानकर्ता फैजान आरिफ ने कहा कि 27-28 अक्टूबर के आसपास एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ बनने के आसार हैं और ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या हिमपात होने के अनुमान हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर के मैदानी इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 18-21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3-6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
उन्होंने इस महीन के अंत तक मौसम शुष्क रहने की चेतावनी दी है। यहां 28 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने के अनुमान हैं जबकि 29 अक्टूबर को आमतौर पर बादल छाए रहने के आसार हैं जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा या हिमपात होने के अनुमान हैं। मौसम विभाग के अनुसार,“जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में दो नवंबर तक किसी बड़ी वर्षा या हिमपात होने का कोई आसार नहीं है।
”मौसम विभाग ने कहा कि इस माह के अंत तक शुष्क स्थिति बने रहने के आसार हैं। इस दौरान, फसलों की कटाई और सुरक्षित भंडारण के लिए अनुकूल है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड में 3.4 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में -0.5 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में 2.0 डिग्री सेल्सियस, कोकेरनाग में 4.1 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
