श्रीगंगानगर : राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने नोट दुगने करने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुये चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के के कब्जे से 10 लाख के चिल्ड्रन बैंक.नकली नोट, लगभग 58 हजार की नगदी तथा दो कारें जब्त की गई हैं। इस गिरोह ने हनुमानगढ़ जिले में नोट दुगने करने का झांसा देते हुए 15 से अधिक घटनाएं की हैं, जिनमें लगभग 50 लाख रुपए लोगों से ठग लिए गए।
इसके अलावा गिरोह ने पंजाब तथा हरियाणा में भी अनेक वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संगरिया थाना क्षेत्र में सब इंस्पेक्टर लक्ष्मणसिंह को प्राप्त हुई एक सूचना के आधार पर गाड़ियों में सवार जसपालसिंह उर्फ सोनू रायसिख (23) रविंद्रसिंह उर्फ रवि रायसिख (35) , गुरजंटसिंह उर्फ जंटी उर्फ बिट्टू (30) निवासी फतेहपुर तथा रूपेश कुमार रैगर (38) को गिरफ्तार किया गया है।
