पिथौरागढ़/नैनीताल : उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने सेना में भर्ती के नाम पर लाखों रूपये की ठगी के मामले में कुमाऊं रेजीमेंट के पूर्व सैनिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के अनुसार कनालीछीना के ग्राम ग्वेता, ख्वांतड़ी निवासी हिमांशु कुमार ने पिथौरागढ़ पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 08टीएच कुमाऊं रेजीमेंट के पूर्व सैनिक एवं धारचूला थाना क्षेत्र के बजानी ग्राम के निवासी देवेन्द्र कुमार ने सेना में भर्ती के नाम पर उससे साढ़े पांच लाख की ठगी कर ली।
पुलिस ने अभियोग पंजीकृत जांच शुरू कर दी। पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपी ने पिथौरागढ़, जाजरदेवल, कनालीछीना एवं बलुवाकोट में कई लोगों से 65 लाख रूपये की ठगी की है। आरोपी के खिलाफ इन जगहों में अलग अलग अभियोग पंजीकृत हैं। यह भी पता चला कि आरोपी परिचितों को विश्वास में लेकर शिकार बनाता था। यही नहीं आरोपी ने सेना में भर्ती के नाम पर सेना की मुुहर लगे निुयक्ति पत्र भी पीड़ितों को बांटे हैं। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिये थाना कनालीछीना, धारचूला और सर्विलांस की एक टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी को आज धारचूला से गिरफ्तार कर लिया।
सेना में भर्ती के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार
