रूद्रपुर/नैनीताल : उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रूद्रपुर में पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) टीएस मंजूनाथ ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पुलिस और पत्रकारिता के नाम पर लोगों को फर्जी नोटिस जारी कर ठगी करते थे। आरोपी बेहद शातिर किस्म के हैं।
उन्होंने बताया कि रूद्रपुर कोतवाली को शिकायत मिली थी कि डीडीए के नाम पर फर्जी नोटिस जारी कर लोगों से ठगी की जा रही है। पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये कुछ टीमों का गठन किया। टीम ने दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में सलीम खान निवासी गांधी कालोनी, रूद्रपुर और वरूण बांध निवासी शेखपुरी, थाना जानी, मेरठ उप्र हाल निवासी भूतबंगला, रूद्रपुर शामिल है। आरोपियों की ओर से गांधी कालोनी स्थित अकबर टूल्स नामक कंपनी को डीडीए का फर्जी नोटिस जारी किया गया था।
श्री मंजूनाथ ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म के है और दोनों के खिलाफ आपराधिक वाद दायर हैं। आरोपी वाहनों में पत्रकारिता और पुलिस के नाम का उपयोग कर ठगी की धंधा करते थे। आरोपियों के पास से कुछ कूटरचित नोटिस, डीडीए की मोहरें और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। श्री सिंह ने पुलिस टीम को 1500 रुपये की राशि पुरस्कारस्वरूप देने की घोषणा की है।
डीडीए के नाम पर ठगी, दो गिरफ्तार
