गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी

बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की राजपुर पुलिस ने एक कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर इंजीनियर से 16 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में उसके सीनियर को गिरफ्तार कर लिया है। राजपुर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रोहित अलावा ने आज बताया कि इंजीनियर दिव्यांश गुप्ता से 16.29 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में खरगोन जिले के बोरावां स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में सीनियर रहे खरगोन जिले के महेश्वर निवासी अक्षत नामदेव को गिरफ्तार किया है। आज उसे राजपुर स्थित न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसका पुलिस रिमांड स्वीकृत हुआ है।
राजपुर के थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने बताया कि अक्षत नामदेव ने अपने जूनियर दिव्यांश गुप्ता को मल्टीनेशनल आईबीएम कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर वर्ष 2021 से 16.29 लाख रुपए ले लिए थे। उन्होंने बताया कि दिव्यांश ने अधिकांश राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की थी। उन्होंने बताया कि अक्षत ने दिव्यांश को कहा था कि उसके जीजा मल्टीनेशनल कंपनी आईबीएम में एच आर के पद पर पदस्थ हैं और वह उसकी नौकरी आसानी से लगवा देगा। अक्षत ने फर्जी आईडी बनाकर दिव्यांश को आईबीएम का फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर, सैलेरी स्लिप तथा अन्य पत्र भी ईमेल से प्रेषित किये।
उन्होंने बताया कि उक्त राशि से अक्षत दोस्तों को पार्टी देता था तथा अपनी गर्लफ्रेंड को देश के विभिन्न हिस्सों गोवा, उदयपुर आदि घुमाने ले गया था। अक्षत ने 24 अगस्त को दिव्यांश को बताया कि नौकरी के लिए कुछ राशि रिश्वत के बतौर अधिकारियों को देना पड़ेगी। इस पर दिव्यांश ने पुलिस को सूचित किया था। उसे पैसे देने के बहाने बुलाया गया और पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *