अलवर : राजस्थान में अलवर शहर के साइबर थाने में एक डॉक्टर से सऊदी अरब में नौकरी लगवाने के नाम पर एक लाख 38 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार कोटा दादाबाड़ी के डॉक्टर अबरार अली से अलवर में रहते हुये सऊदी अरब के फैसल स्पेशिलिटी हॉस्पिटल रियाद में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक लाख 38 हजार रुपये की ठगी हो गयी। अलवर के सानिया हॉस्पिटल में कार्यरत शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अबरार अली को अब डॉक्टर ने साइबर थाने में रिपोर्ट दी है।
पीड़ित डॉ अबरार के अनुसार वह अब अलवर के रणजीत नगर में रहता है और सानिया हॉस्पिटल में नौकरी करता हैं। गत नौ मार्च को उसके मोबाइल नंबर पर फोन आया और सऊदी अरब के फसल स्पेशिलिटी हॉस्पिटल रियाद में नौकरी करने का ऑफर किया, जिसके लिए 5500 रुपये यूपीआई के जरिये जमा कराकर इंटरव्यू देने की बात की गयी थी। उक्त राशि यूपीआई से भेज दी गई। इसके बाद इंटरव्यू की औपचारिकताएं पूरी की गयी। इसके उपरांत उक्त व्यक्ति द्वारा 13 मार्च से अलग-अलग बहाने कर रुपये मांगे गये।
डाॅ अबरार ने पांच बार में कुल एक लाख 38 हजार 400 रुपये यूपीआई के जरिये भेजे। इसके बाद कई बार जॉब ऑफर लेटर मांगा गया। तब हर बार कहा गया कि दो-तीन दिन में आ जायेगा, लेकिन नहीं आया। इसके बाद डाॅ अबरार द्वारा पुलिस थाना साइबर को रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी
