जालंधर : पंजाब में जालंधर के जिला उपायुक्त विशेष सारंगल ने गुरुवार को बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित किये जाने वाले जिला स्तरीय समारोह में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। सारंगल ने बताया कि प्रशासन ने जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को उचित ढंग से करवाने के लिये पहले ही विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं, ताकि सभी आवश्यक प्रबंध समय पर किये जा सकें। उन्होंने कहा कि सफाई, सजावट, सुरक्षा, पार्किंग, वैकल्पिक रूट प्रबंध, पीने के पानी की व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, मेडिकल
टीम, निर्बाध बिजली आपूर्ति और अन्य व्यवस्थाओं में प्रशासन कोई कमी नहीं आने देगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पंजाब पुलिस, पंजाब होम गार्ड, एन.सी.सी. (लड़के और लड़कियाँ) की टुकडियां मार्च पास्ट करेंगी। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अन्य प्रोग्रामों की रिहर्सल जोरों से चल रही है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान लगभग 2000 छात्र भाग लेंगे और अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को आयोजित की जायेगी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों को दर्शाने वाली झांकियां भी प्रस्तुत की जायेंगी। उन्होंने कहा कि इस विशाल आयोजन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और गणतंत्र दिवस समारोह पूरी देशभक्ति और राष्ट्रवाद के साथ मनाया जायेगा।
गणतंत्र दिवस पर चीमा फहरायेंगे तिरंगा
