नई दिल्ली : वामपंथी श्रमिक संगठनों के संघ – सेंटर फॉर ट्रेड यूनियंस (सीटू) ने महाराष्ट्र में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करने की घोषणा की है। सीटू के महासचिव तपन सेन ने मंगलवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र के बिजली कर्मचारियों और कामगारों की चार जनवरी से होने वाली हड़ताल का पूरा समर्थन किया जाएगा। महाराष्ट्र राज्य लोक विद्युत कंपनियों के तकरीबन 86000 कर्मचारियों ने चार जनवरी की मध्यरात्रि से 72 घंटे की हड़ताल की घोषणा की है। इससे पूरे महाराष्ट्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
बिजली कर्मचारी विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में निजी कंपनियों के प्रवेश का विरोध कर रहे हैं। हड़ताल का आह्वान महाराष्ट्र की लोक बिजली कंपनियों की 30 से अधिक श्रमिक संगठनों ने किया है। राज्य के बिजली कर्मचारी पिछले दो महीनों से बिजली क्षेत्र में निजी कंपनियों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार ने बिजली कर्मचारियों की इस प्रस्तावित हड़ताल को अवैध घोषित किया है।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन किया सीटू ने
