हिसार : हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को 11वें दिन भी जारी रही जिससे हिसार, फतेहाबाद, हांसी शहरों में कूड़े के ढेर लग गए हैं। लोगों को कूड़ा उठान न होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन कूड़ा उठान का कार्य करवा रहा है,लेकिन हड़ताली सफाई कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं, जिस कारण पुलिस प्रशासन और सफाई कर्मचारियों में बार-बार टकराव हो रहा है।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे नगर निगम का दस्ता जॉइंट कमिश्नर के नेतृत्व में सफाई करवाने के लिए रेड स्कवेयर मार्केट पहुंचा। इसकी भनक निगम के हड़ताली कर्मचारियों को मिल गई। यहां एक बार फिर नगर निगम अधिकारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। सफाई का विरोध कर रहे हड़ताली कर्मचारी जेसीबी मशीन पर चढ़ गए। हालात खराब होते देख अधिकारी सफाई कार्य बीच में ही छोडकऱ वहां से चलते बने।
गौरतलब है कि जेसीबी का शीशा तोडऩे की भी कोशिश की गई। निगम प्रशासन ने पीएलए एरिया में सफाई करवाने की सूचना वायरल की थी और हड़ताली कर्मियों को चकमा देने के लिए रेड स्कवेयर मार्केट में निगम प्रशासन का अमला सफाई करवाने पहुंचा गया। निगम प्रशासन पुलिस की मदद से सफाई शुरू करवाता, इससे पहले ही हड़ताली सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और विरोध करने लगे। इसके बाद संयुक्त आयुक्त बेलीना सहित निगम के कर्मचारी वहां से चले गए।
इस दौरान कर्मचारियों ने शहरी निकाय मंत्री कमल गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी की। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक हम कचरा उठाने नहीं देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमारे साथी के हाथ पर पुलिस ने डंडा भी मारा।
नगरपालिका सफाई कर्मचारी संघ 19 अक्टूबर से हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते शहरों में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे पड़े हैं। कचरा सड़कों पर फैला हुआ है। कैमरी रोड पर सफाई करने पहुंची टीम पर पथराव करने तथा सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने 150 हड़ताली कर्मचारियों पर केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया की शिकायत पर की गई है।
कूड़ा उठान को लेकर पुलिस और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव
