सहारनपुर : उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के बडगांव क्षेत्र में करणी सेना के बैनर उतरवाने गयी पुलिस से राजपूत समुदाय के युवकों के साथ झड़प हो गयी जिसके बाद पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दस युवकों को गिरफ्तार कर लिया मगर सभी को देर शाम जमानत पर रिहा कर दिया गया।
राजपूत बहुल गांवों झबीरण, रेडा एवं दल्हेडी में भाजपा के गुर्जर जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार संबंधी बैनरों को उतरवाने गई पुलिस पार्टी का राजपूत युवाओें ने विरोध किया। पुलिस जोर-जबरदस्ती पर उतारू ग्रामीणों और युवाओं के साथ सख्ती से पेश आई। पुलिस ने 10 युवकों को सीआरपीसी की धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम रामपुर मनिहारान संगीता राघव के समक्ष पेश किया जिन्हें देर शाम जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में करणी सेना के समर्थकों ने बडगांव थाने पर धरना दिया और आरोपी पुलिसकर्मियों को थाने से हटाने की मांग की। थानाध्यक्ष बडगांव विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने झबीरण गांव में लगे आपित्तजनक बैनर हटवाने का विरोध करने वाले विरेंद्र राणा, विपिन कुमार, प्रिंस, विनोद सिंह, गौरव सिंह, सागर, राजपाल सिंह, अमर सिंह को शांतिभंग में गिरफ्तार किया था।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम देवबंद संजीव कुमार, सीओ रामकरण पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को बिगडने से रोका। उच्चाधिकारी स्थिति पर नजर रखे है। डीएम-एसएसपी ने लोगों से शांति और सदभाव बनाए रखने की अपील की है।
बैनर उतरवाने गई पुलिस से झड़प
