गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

क्लर्क रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार

चंडीगढ़ : पंजाब के सतर्कता विभाग ने गुरुवार को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में सिविल सर्जन कार्यालय, पठानकोट में तैनात क्लर्क राजविंदर सिंह (सेवानिवृत्त) को गिरफ्तार किया है।
सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी क्लर्क को मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर ओंकार नगर, पठानकोट निवासी सतनाम सिंह द्वारा दर्ज की गई एक ऑनलाइन शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी क्लर्क ने 3,13,486 रुपये के मेडिकल बिल पास करने के एवज में 35,000 रुपये की रिश्वत ली थी।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की जांच के दौरान यह पाया गया कि राजविंदर ने निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पंजाब द्वारा जारी फर्जी अनुमोदन पत्र बनाकर शिकायतकर्ता से 35,000 रुपये की रिश्वत ली थी। यह भी पता चला है कि अपने कार्यकाल के दौरान आरोपी ने 16 फर्जी अनुमोदन पत्र बनाकर सरकारी खजाने को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सतर्कता ब्यूरो की अमृतसर रेंज में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि उक्त आरोपी को कल अदालत में पेश किया जाएगा और इस मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *