गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रतलाम में कपड़ा व्यापारी की हत्या

छह आरोपी हिरासत में

रतलाम : मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक कपड़ा व्यापारी की हत्या कर दी गई।
जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर स्थित ग्राम शिवगढ़ में एक सरकारी हायर सेकंडरी स्कूल के ग्राउंड में मंगलवार रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। कपड़ा व्यापारी 19 वर्षीय अभिषेक पाटनी और उनके साथी ऋषभ व गौरव सोनी आदि के साथ दूसरे पक्ष के लोगो ने लाठियों से मारपीट कर चाकू से वार किए। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के महेश हा़ड़ा, अंकित, रवि राठौड़ को भी चोट आई थी। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन तब तक अभिषेक की मौत हो चुकी थी। डाक्टर ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित किया। इसके बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया गया। वहीं घायल ऋषभ, गौरव व दूसरे पक्ष के महेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने अभिषेक की हत्या के मामले में कुल छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। अभिषेक का शव आज पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया। एम्बुलेंस से शव बस स्टैंड पर पहुंचा भीड़ जमा हो गई तथा लोग एम्बुलेंस रुकवाकर मुख्य आरोपित का मकान तोड़ने की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया। करीब 15 मिनट तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इसके बाद स्वजन व लोग अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *