एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल
शिमला : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में आजकल प्राकृतिक कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा। जहां गत दिनों लग घाटी में बादल फटने की घटना हुई थी, वहीं कुल्लू के अन्य क्षेत्र काईस नामक स्थान में भी बादल फटने की घटना आज सामने आई। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने साेमवार को यहां कहा कि आज तड़के 0355 बजे एक वाहन के बह जाने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
बचाव पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन गांव को जोड़ने वाली सड़क अवरुद्ध होने के कारण पुनर्वास कार्य शुरू नहीं किया जा सका। मृतक की पहचान बादल शर्मा पुत्र स्व. गणेश शर्मा ग्राम चांसारी के रूप में की है जबकि घायल खेम चंद पुत्र स्व. नानक चंद ग्राम बडोगी, सुरेश शर्मा पुत्र स्व. लाईस राम और कपिल पुत्र स्व. कमलेश शर्मा गांव चांसारी गांव बारी पदर तहसील और जिला कुल्लू को अस्पताल ले जाया गया। हादसे में दो को गंभीर चोटें आईं।
हिमाचल में बारिश से संबंधित दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 118 हो गई। राज्य सरकार ने कहा कि मानसून की बारिश से राज्य में 4418 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और 4500 घर क्षतिग्रस्त हो गए। मामले की पुष्टि करते हुए उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि आज तड़के काईस क्षेत्र के पास बादल फटने का समाचार प्राप्त हुआ है।
जिसमें एक व्यक्ति के पानी मे बह जाने की सूचना है, जबकि दो अन्य घायल हैं। इसी के चलते बाशिंग के पास हाईवे फिर अवरुद्ध हो गया। एनएचएआई को अबरुद्ध मार्ग को खोलने को कहा गया है। एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
