कोटा : राजस्थान के कोटा में एक कोचिंग छात्र की बुधवार सुबह संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछले एक साल से कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रहे पश्चिमी बंगाल से आये कोचिंग छात्र परितोष (18) का शव आज उसके कमरे के बाहर पड़ा हुआ मिला। सूत्रों ने बताया कि परितोष महावीर नगर द्वितीय में किराए के कमरे में मकान में कमरा लेकर अपने एक अन्य साथी छात्र के साथ रहा था।
आज कोचिंग के लिए जाते समय वह कमरे के बाहर गिरा हुआ मिला। मकान मालिक और छात्रों ने उसे कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। अभी मौत के कारणों का पता नहीं चला है । पुलिस मामले की जांच कर रही है।
