काकद्वीप : भारतीय तट रक्षक बल (आईसीजी) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में सागर द्वीप के पास काकद्वीप के नामखाना में नाव में फंसे लगभग 181 तीर्थयात्रियों को जलाशय से बाहर निकाल लिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ये तीर्थयात्री सोमवार को मकर संक्रांति मनाने के बाद सागर द्वीप से लौट रहे थे। इसी दौरान दृश्यता कम होने के कारण चालक को जलस्तर का पता नहीं चला और नौका काकद्वीप के नामखाना में फंस गयी।
सूत्रों ने बताया कि अलार्म बजने के बाद तटरक्षक बल ने उपलब्ध जनशक्ति और संसाधनों को सतर्क कर दिया और सभी फंसे हुए तीर्थयात्रियों को चरणबद्ध तरीके से काकद्वीप पहुंचाया। उल्लेखनीय है कि सागर द्वीप तक पहुंचने के लिए लोगों को नामखाना से मुरीगंगा पार करना होता है। मुरीगंगा में पानी की गहराई ज्वार पर निर्भर करती है। निम्न ज्वार के दौरान, कुछ हिस्सों में केवल टखने तक पानी होता है। अंदेशा है कि नौका का पायलट खराब दृश्यता के कारण ऐसे ही एक हिस्से में घुस गया और फंस गया।
तट रक्षक बल ने सागर द्वीप में फंसे 181 तीर्थयात्रियों को बचाया
