नई दिल्ली : भारतीय तटरक्षक बल ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के काकद्वीप में खराब मौसम के कारण फंसी नौका पर सवार 182 तीर्थयात्रियों को त्वरित कार्रवाई कर बचा लिया। ‘स्वास्थ्य साथी’ नाम की यह नौका करीब 400 तीर्थयात्रियों को गंगा सागर मेले से काकद्वीप ले जाते समय अत्यंत खराब मौसम के कारण फंस गयी थी।
तटरक्षक बल को दक्षिण 24 परगना के जिला मजिस्ट्रेट से इस नौका के फंसने के बारे में संदेश मिला था। बल की संचालन टीम संदेश मिलने के बारद तुरंत कार्रवाई में जुट गई और सहायता प्रदान करने के लिए हल्दिया और सागर द्वीप से दो एयर कुशन वाहन (होवरक्राफ्ट) भेजे। होवरक्राफ्ट ने 182 तीर्थयात्रियों को निकाला और शेष तीर्थयात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक ले जाने के लिए नौका को सही रास्ते पर रवाना किया।
तटरक्षक बल ने वार्षिक मेले के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पहले से ही विभिन्न रणनीतिक स्थानों पर समुद्री इकाइयों को तैनात किया था। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जेमिनी बोट के साथ गोताखोरों की एक त्वरित जीवनरक्षक टीम भी मेला स्थल पर तैनात है।
तटरक्षक बल ने 182 तीर्थयात्रियों को बचाया
