संभल : उत्तर प्रदेश में संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र में गुरुवार को एक कोल्ड स्टोरेज के चेंबर की छत ढहने से करीब 30 किसान और मजदूर मलबे में दब गये जिनमें से छह को निकाल कर अस्पताल भेजा जा चुका है।
कोल्ड स्टोरेज में हुए हादसे के प्रति दुख जताते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मलबे में दबे मजदूरों को शीघ्र निकाले जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित इलाज कराया जाए। उन्होने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर राहत-बचाव के निर्देश दिए हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बदायूं जिले की सीमा पर स्थित ओरछी चौराहा से इस्लामनगर को जाने वाले रास्ते पर ए आर कोल्ड स्टोर है। गुरुवार को किसान आलू रखने के लिए कोल्ड स्टोर में आए थे तथा मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कोल्ड स्टोर के चेंबर की छत भराभर कर ढह गई। इस हादसे में 30 मजदूर और किसान मलबे में दब गए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक शलभ माथुर ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज की नयी इमारत की छत दिन में साढे 11 से पौने 12 बजे के बीच गिरी है। शुरूआती तौर पर 20 से 30 लोगों के मलबे में दबे होने का अंदेशा है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस के जवान मौके पर हैं। जनहानि रोकने के लिये ध्वस्त हुये हिस्से के मलबे को सावधानीपूर्वक हटाया जा रहा है।
उधर, पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया कि शाम चार बजे तक मलबे में से दबे लोगों में से छह को बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें उपचार के लिए मुरादाबाद भेजा गया है।
कोल्ड स्टोर की छत ढही, 30 दबे
