दतिया रहा सबसे ठंडा
भोपाल : नव वर्ष के आगमन के साथ ही मध्यप्रदेश में ठंड बढ़ गयी। सर्द हवाओं और कोहरे के प्रभाव के चलते प्रदेश के अनेक स्थानों पर ठंड में बढ़ोतरी हुयी। इस बीच दतिया प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां रात्रि का पारा गिरकर 5़ 4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में पिछले दिनों हुयी बर्फबारी और वहां से आ रही सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में ठंड में इजाफा हुआ है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में मौसम शुष्क रहा। ग्वालियर में शीतल दिन एवं दतिया में तीव्र शीतल दिन रहा। रायसेन, दमोह, खुजराहो, सागर और भोपाल में मध्यम से घना कोहरा देखा गया।
न्यूनतम तापमान ग्वालियर संभाग के जिलों में काफी गिरा तथा शेष संभागों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। जहां एक ओर इंदौर और नर्मदापुरम संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, तो वहीं शेष संभागों में सामान्य रहा। इस बीच प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5़ 4 डिग्री सेल्सियस दतिया में दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी चौबीस घंटों के दौरान भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर और दतिया में कहीं कहीं मध्यम से घना कोहरे का ‘ओरेंज अलर्ट’ जारी किया, तो वहीं सागर संभाग के जिलों में तथा सतना, रीवा, रायसेन एवं भोपाल में हल्के से मध्यम कोहरे का ‘ऐलो अलर्ट’ जारी किया है। अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश भर में तापमानों में दो से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना है।
राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्र में कल रात्रि से ठंड का प्रभाव देखा गया और आज सुबह से मौसम में ठंड बनी रही। यहां अगले चौबीस घंटों के दौरान मौसम के आमतौर पर साफ रहने और सुबह के समय हल्का कोहरा पड़ने एवं 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंड हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। आने वाले दो से तीन दिनों में यहां ठंड और बढ़ने की संभावना है।
