शारीरिक-मानसिक बौद्धिक स्तर पर इंसान को सशक्त, शांत और ओजस्वी बनाता है योग
दीर्घायु , आरोग्यता – सौंदर्यता के लिए योग बेहद जरूरी : डाॅ. अनिता तंवर
संवाददाता | गौरवशाली भारत
नाँगल चौधरी। बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय में बुधवार को अंतराष्ट्रीय योग दिवस उपलक्ष्य योगाभ्यास कार्यक्रम प्राचार्या डाॅ. अनिता तंवर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के अन्तर्गत एनएसएस प्रभारी डॉ. पूनम तंवर और डॉ. सुशीला यादव की देखरेख में स्वयं सेविकाओं सहित टीचिंग व नाॅन टीचिंग स्टाफ ने इस दिन सुबह महाविद्यालय प्रांगण में योग किया। साथ ही इस अवसर पर दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए स्वयं सेविकाओं को प्रतिज्ञा दिलवाई।

महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व भी छात्राओं को योगाभ्यास करवाया गया था। इसमें योगासनों से होने वाले फायदों के बारे में बताया गया था। बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए एनएसएस वालंटियर्स द्वारा रैली भी निकाली गई। जिसे महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. अनीता तंवर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस कार्यक्रम में प्राचार्या ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में संबोधित करते हुए योग के लाभ बताए और कहा – योग हमारी संस्कृति अहम हिस्सा रहा है। साथ ही कहा – आधुनिक जीवन शैली में निरोग रहने के लिए योग-प्राणायाम दैनिक दिनचर्या में होना बेहद महत्वपूर्ण है। शारीरिक स्वस्थता एवं सौन्दर्यता के लिए संतुलित आहार के साथ प्रतिदिन योग को अवश्य शामिल करना चाहिए।

योग से ना सिर्फ शरीर रोगमुक्त रहता है, बल्कि मानसिक और बौद्धिक स्तर पर इंसान को सशक्त, शांत और ओजस्वी बनाता है। योग नहीं करने से, शरीर रोगों का घर बन जाता है। दीर्घायु और स्वस्थ स्वास्थ्य सहित सौन्दर्यता के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर डॉ. पूनम तंवर, डॉ. सुशीला यादव, लेक्चरर प्रदीप कुमार, लेक्चरर शोभना समेत काॅलेज स्टाॅफ़ सदस्य उपस्थित रहे।
