गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वन विभाग के एसडीओ के वाहन से टक्कर

एक महिला की मृत्यु दो घायल

खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बमनाला पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत खंडवा-वड़ोदरा राजमार्ग पर आज वन विभाग के एसडीओ के शासकीय वाहन से दुपहिया वाहन की टक्कर होने के चलते एक महिला की मृत्यु हो गई तथा उसके पति और नातिन घायल हो गए। बमनाला पुलिस चौकी प्रभारी शत्रुघ्न देशमुख ने बताया कि खंडवा वड़ोदरा राजमार्ग स्थित सुरवा में शासकीय वाहन और दुपहिया वाहन की जोरदार टक्कर में 60 वर्षीय लक्ष्मी बाई की मृत्यु हो गई तथा उसके पति भगन सिंह और 16 वर्षीय नातिन निधिका घायल हो गए।

उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि शासकीय वाहन के चालक रामदेव के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार लोग मौके से चले गए थे, लेकिन बाद में रामदेव ने थाने पर पहुंचकर घटनाक्रम बताया। उन्होंने बताया कि एसडीओ फॉरेस्ट का वाहन खरगोन से खंडवा जिले में जा रहा था। उन्होंने बताया कि वाहन को जब्त कर भीकनगांव थाने भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि दुपहिया वाहन सवार सकर गांव निवासी लोग देवला जा रहे थे। जैसे ही वे खंडवा वडोदरा राजमार्ग पर पहुंचे तेज गति से आ रहे शासकीय वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने दुर्घटना क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर स्थापित करने की मांग की। मौके पर पहुंचे भीकनगांव के एसडीएम मिलिंद ढोके ने बताया कि ग्रामीणों को स्पीड ब्रेकर स्थापित करने के लिए आश्वस्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *