गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हरित हाइड्रोजन पर सम्मेलन पांच जुलाई से

नई दिल्ली : नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय पांच से सात जुलाई तक यहां हरित हाइड्रोजन पर एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगा। मंत्रालय ने बुधवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि इसका उद्देश्य हरित हाइड्रोजन मूल्य श्रृंखला में हाल में हुई प्रगति और उभरती हुई प्रौद्योगिकियों के बारे में विचार-विमर्श के लिए वैश्विक वैज्ञानिक और औद्योगिक समुदाय को एक मंच पर लाना है। इस सम्मेलन के माध्यम से विभिन्न हितधारक संबंधित क्षेत्र में विकसित हरित हाइड्रोजन परिदृश्य और नवाचार-संचालित समाधानों का पता लगाने में सक्षम बनेंगे।
सम्मेलन का आयोजन नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद तथा सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के कार्यालय के साथ भागीदारी में किया जा रहा है।सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य इस बात का पता लगाना है कि देश में हरित हाइड्रोजन इकोसिस्टम कैसे स्थापित किया जा सकता है और हरित हाइड्रोजन के माध्यम से डीकार्बोनाइजेशन के लिए वैश्विक लक्ष्यों को पूरा करने के लिए एक प्रणाली को किस प्रकार बढ़ावा दिया जा सकता है। इसके अलावा हाइड्रोजन उत्पादन, भंडारण और वितरण के बारे में क्षेत्र विशिष्ट अनुसंधान विचार-विमर्श किये जाने के अलावा सम्मेलन में हरित वित्तपोषण, मानव संसाधन का कौशल विकास और स्टार्टअप पहलों के बारे में भी चर्चा की जाएगी। यह सम्मेलन इस क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय श्रेष्ठ प्रक्रियाओं को साझा करने और सीखने में भी मदद करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *