शिमला : हिमाचल कांग्रेस अपनी ही गारंटियों के मायाजाल में फंसती जा रही है। वर्ष 2022 विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने प्रदेश में हर महिला को 1500 रुपए देने की गारंटी दी थी, जो कि आज तक पूरी नहीं हुई है। ऐसे में अब जनता कांग्रेस से गारंटियों को लेकर सवाल पूछने को जहां तैयार बैठी है।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने भी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। अब देखना ये है कि कांग्रेस अपनी हर महिला को 1500 देने की गारंटी को लोकसभा चुनाव से पहले पूरा करती है या नही, अगर कांग्रेस का इस गारंटी पर जिस तरह की लागलपेट का रवैया एक साल रहा है वैसा ही रवैया रहा तो, 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सूबे की चारों सीटों पर करारी हार का सामना करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव की बाजी फतह करने के बाद भाजपा का आत्मविश्वास शिखर पर है। तेलंगाना में सिर्फ विजय पताका कांग्रेस के हाथ लगी है। भाजपा व कांग्रेस हालिया चुनाव परिणाम का विश्लेषण अपने-अपने तरीके से कर रहे हैं, लेकिन एक बात तय है कि 2024 के रण में जनता राजनीतिक दलों से उनकी गारंटी को लेकर गारंटीड सवाल पूछेगी।
हिमाचल की बात करें तो ऊंची साक्षरता दर वाले राज्य में महिला वोटर्स बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लेती हैं। महिलाओं ने हमेशा से वोटिंग पसेंटेज में पुरुष मतदाताओं के मुकाबले बाजी मारी है। हिमाचल में साक्षरता दर अच्छी होने के कारण महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति अपेक्षाकृत अधिक जागरूक हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से ये सवाल जरूर पूछा जाएगा।
कांग्रेस ने महिलाओं से की वादाखिलाफी
