गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शिमला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत, भाजपा पिछड़ी

शिमला। शिमला नगर निगम चुनाव में गुरुवार को कांग्रेस ने जीत का परचम लहरा दिया। नगर निगम के 34 वार्डों के लिए दो मई को मतदान हुआ था तथा 102 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके है। कांग्रेस ने 24 वार्डों में जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नौ और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने एक वार्ड में जीत हासिल की।
राज्य चुनाव आयोग की ओर से आज नगर निगम शिमला के चुनाव परिणाम घोषित किए गए हैं। इसके लिए सुबह 10 बजे से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छोटा शिमला में मतगणना की गई। राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी परिणाम में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की है, जबकि भाजपा के हाथ से सत्ता चली गई है। कुछ वार्डों में रोचक नतीजे आए हैं। कांग्रेस और भाजपा के कुछ दिग्गज चुनाव हार गए हैं। भाजपा की मेयर रही सत्या कौंडल को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। संजौली चौक से कांग्रेस की ममता चंदेल ने पूर्व मेयर एवं भाजपा उम्मीदवार सत्या कौंडल को 196 मतों से हराया। कांग्रेस से बागी होकर कृष्णानगर वार्ड से निर्दलीय लड़े पूर्व मेयर सोहन लाल भी चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस की धमाकेदार जीत के बावजूद वार्ड नम्बर-1 भराड़ी वार्ड से शिमला शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी को भी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुई मीना चौहान ने उन्हें 382 मतों के बड़े अंतर से हराया। यह पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आंनद शर्मा का गृह वार्ड है। नाभा में कांग्रेस ने फिर अपना वर्चस्व कायम रखा है। यहां कांग्रेस की सिमी नन्दा ने भाजपा की हिमा देवी को 147 मतों से पराजित किया। टूटीकंडी वार्ड से कांग्रेस की उमा ने भाजपा की रितु गौतम को 521 मतों के बड़े अंतर से मात दी। कच्ची घाटी से कांग्रेस की किरण शर्मा विजयी रही। किरण शर्मा ने भाजपा की अलका कंवर को 72 मतों से पराजित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *