गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अवैध खनन को लेकर कांग्रेस का सदन में हंगामा

भोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा में आज मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अवैध खनन को लेकर जोरदार हंगामा किया। प्रश्नकाल के दौरान ग्वालियर जिले के डबरा से कांग्रेस विधायक सुरेश राजे ने अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार अवैध खनन का आरोप लगाते हुए सरकार से वैध और अवैध खदानों के बारे में जानकारी मांगी। इस पर राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि अवैध खनन से जुड़ीं कुल 45 शिकायतें आईं थी, जिनमें से 28 में प्रकरण पंजीकृत किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में जिन स्थानों पर ज्यादा खनिज हैं, वहां खनन पर निगरानी करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक बैरियर लगाए जा रहे हैं।
मंत्री के जवाब से असंतुष्ट प्रश्नकर्ता विधायक ने कहा कि अवैध खनन से ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों की लागत से बनने वाली सड़कें भी खराब हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पनडुब्बी और पोकलेन मशीनों के माध्यम से अवैध खनन हो रहा है। रेत माफिया अधिकारियों पर भी हमला करने से नहीं चूकते।
कांग्रेस के कई और विधायक भी श्री राजे के समर्थन में उतर आए और आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश की यही स्थिति है। बदनावर से कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने इसी क्रम में राज्य के एक पूर्व मंत्री पर भी खनन में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी को माफिया ने खोद कर रख दिया है।
इसी बीच कांग्रेस के लगभग आधा दर्जन विधायक इस मामले को लेकर हंगामा करने लगे। हंगामे के बीच ही संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राज्य में इलेक्ट्रॉनिक कैमरों की व्यवस्था हो रही है और सरकार ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा, लेकिन अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन की कार्यवाही आगे बढ़ा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *