देहरादून : उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) हेतु सोमवार को पत्र भेजकर राज्य में लोकसभा चुनाव 2024 में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को तत्काल उनके पद से हटाये जाने का अनुरोध किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माहरा ने पत्र में कहा है कि आयोग ने उत्तराखंड में 19 अप्रैल को मतदान की तिथि निर्धारित की है। राज्य के वर्तमान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अभिनव कुमार, पुलिस महानिदेशक बनने से पूर्व, वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रमुख सचिव के रूप में तैनात रह चुके हैं तथा सत्ताधारी दल से उनकी निकटता जग जाहिर है। उन्होंने पत्र में आयुक्त को यह भी अवगत कराया है कि राज्य में विगत वर्ष अंकिता भंडारी जघन्य हत्याकांड को भाजपा नेता के रिजार्ट में अंजाम दिया गया तथा उस हत्याकांड में भाजपा नेता के पुत्र की संलिप्तता पाई गई है।
उन्होंने लिखा कि अंकिता भंडारी जघन्य हत्याकांड की जांच आज भी जारी है, लेकिन जांच के विषय में वर्तमान डीजीपी का बयान, जिसमें वे सत्ताधारी दल के प्रवक्ता की तरह सरकार का बचाव करते पाये गये हैं, उनके वर्तमान पद की गरिमा के खिलाफ है।
श्री माहर ने कहा कि किसी भी निर्वाचन में स्थानीय पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका होती है ऐसे में राज्य के वर्तमान डीजीपी अभिनव कुमार की सत्ताधारी दल के प्रति निष्ठा से चुनाव की निष्पक्षता पर प्रश्न चिह्न खड़ा होता है तथा उनके महानिदेशक पद पर बने रहने से लोकसभा सामान्य नर्वाचन प्रभावित होने की पूर्ण संभावना है। ऐसे में उन्हें, उनके पद से तत्काल हटाया जाना चाहिए। ताकि, राज्य में निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित कराया जा सके।
कांग्रेस ने केंद्रीय निर्वाचन आयोग से डीजीपी हटाने की मांग
