पूरे प्रदेश से आएंगे कार्यकर्ता और नेता
भोपाल : कमलनाथ के नेतृत्व में सोमवार को ‘राजभवन घेराव’ के तहत यहां प्रदेश व्यापी आंदोलन और प्रदर्शन होगा। इसके लिए जहां प्रदेश कांग्रेस संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं, वहीं पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रबंध किए हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुरूप पूरे प्रदेश के नेता और कार्यकर्ता यहां रोशनपुरा क्षेत्र में जुटेंगे और कमलनाथ के नेतृत्व में राजभवन की ओर कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन उद्योगपति अडानी और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आयोजित किया गया है।
इस बीच प्रदेश कांग्रेस से जुड़े विभिन्न वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं से सोमवार को भोपाल पहुंचकर इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। रविवार रात्रि में भी हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के यहां पहुंचने की उम्मीद है।
दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने न्यू मार्केट, राेशनपुरा, राजभवन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए हैं। बेरिकेडिंग भी की गयी है। भोपाल पुलिस ने यातायात परिवर्तन संबंधी प्लान भी सोशल मीडिया पर जारी कर आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे आवागमन के लिए परिवर्तित मार्ग का ही उपयोग करें, जिससे असुविधा से बचा जा सके।
