गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस ने गरीबी हटाने के लिए कुछ नहीं किया

सागर : कैलाश विजयवर्गीय ने आरोप लगाते हुए आज कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का नारा दिया, लेकिन उनकी सरकारों ने गरीबी हटाने के लिए कुछ नहीं किया। विजयवर्गीय ने जिले के बीना कृषि उपज मंडी में आयोजित विधानसभा सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की शिवराज सरकार ने गरीब कल्याण के लिए अच्छे कार्य किए और गरीबों के जीवन में बदलाव के लिए कई योजनाएं लाए, जिसकी ताकत के दम पर हम आने वाले विधानसभा चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ जीतेंगे।
विजयवर्गीय ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार प्रदेश में आई है हर क्षेत्र में विकास के काम हो रहे हैं। बीना में रिफाइनरी आने के बाद इस क्षेत्र का विकास तेजी से हुआ। इसके चलते आज बीना शहर किसी मेट्रो सिटी से कम नहीं है। आगे चलकर यह शहर इंदौर की बराबरी करेगा। उन्होंने कहा कि बीना की जनता लगातार 25 वर्षों से भाजपा पर विश्वास जता रही है, जिस पर हमें गर्व है।
सम्मेलन से पहले राष्ट्रीय महासचिव विजयवर्गीय ने बीना शहर के प्रमुख मार्गों पर रोड-शो किया, जो करीब दो घंटे तक चला। रोड शो विश्राम गृह से शुरू हुआ और प्रमुख स्थानों से होकर गुजरा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लगभग तीन किलोमीटर के इस रोड शो में कुछ जगहों पर कार्यकर्ताओं ने श्री विजयवर्गीय का तुलादान किया, तो कहीं पर मंच लगाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व सागर संभाग प्रभारी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, प्रभुदयाल पटेल, जिला प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा, विधायक हरि सप्रे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनोद पंथी, शशि कैथोरिया, पूर्व विधायक धरमू राय, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति दुबे, जिला महामंत्री श्याम तिवारी, वृंदावन अहिरवार, मंडल अध्यक्ष शुभम तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *