गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिसार में दिखी कांग्रेस की गुटबाजी

पर्यवेक्षकों के समक्ष नारेबाजी

हिसार : हरियाणा में यहां जिला कांग्रेस भवन में सोमवार को प्रदेश में संगठन विस्तार को लेकर कांग्रेस कमेटी के प्रदेश पर्यवेक्षकों को पार्टी में गुटबाजी खुलेआम देखने को मिली। पार्टी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने पहुंचे पर्यवेक्षक शैली चौधरी, विधायक रघुबीर कादियान और गुजरात से कांति भाई को यहां पार्टी के गुटों की नारेबाजी और हंगामे का सामना करना पड़ा। बैठक में कुमारी सैलजा गुट के समर्थकों ने नारे लगाते हुए कहा कि बाप-बेटे की नहीं चलेगी। दूसरा गुट भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के नारे लगाकर शक्ति प्रदर्शन करता नजर आया। इस बीच पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जिसकी रिपोर्ट 10 सितम्बर तक आलाकमान को दी जाएगी।
बैठक के दौरान चुनिंदा नेताओं और कार्यकर्ताओं को फीडबैक लेने के लिए बुलाया गया , लेकिन जिले के तमाम कांग्रेस नेता अपने साथ समर्थकों की भीड़ लेकर पहुंचे और अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। इसके साथ तीनों पर्यवेक्षकों ने एक कमरे में बारी-बारी वरिष्ठ नेताओं को बुलाया और फीडबैक लेना शुरू किया, लेकिन साथ अन्य नेता और समर्थक भी कमरे में घुस गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान सैलजा गुट के नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और कहा कि बाप-बेटे की नहीं चलेगी। एक तरफ पर्यवेक्षक अपना काम करते रहे वहीं दूसरी तरफ नारेबाजी का दौर चलता रहा। पर्यवेक्षक पार्टी जिलाअध्यक्ष के चुनाव को लेकर फीडबैक लेने यहां आये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *