गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस ने कर्नाटक को बर्बाद करने के अलावा कुछ नहीं किया

बेंगलुरु : शिवराज सिंह चौहान ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं ने कर्नाटक राज्य को पीछे धकेलने के अलावा कोई कार्य नहीं किया। चौहान ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में हुक्केरी, गोकक और रामदुर्गा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और उनके नेताओं की नीतियों के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि इनकी जनविरोधी नीतियों की कीमत इस राज्य की जनता के अलावा देश ने भी चुकायी है।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने वहीं केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के लगभग नौ वर्ष के कार्यकाल और भाजपाशासित राज्यों की नीतियों के बारे में बताते हुए कहा कि यही दल है, जो जनता, समाज, राज्य और देश के विकास के लिए सतत रूप से कार्य कर रहा है। भाजपा की कर्नाटक में भी जब भी सरकार रही, इस राज्य में विकास कार्य तेजी से हुए। उन्होंने जनता से विकास के लिए इस राज्य में एक बार फिर से भाजपा को चुनाव जिताने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा होने से इस राज्य का विकास अब और तेजी से हाे सकेगा।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भ्रष्टाचार, अपराध और कमीशन के लिए कार्य किया है। इसकी नीति तोड़ने की रही है। इस दल के नेताओं ने हमेशा राज्य और देश के विकास को दरकिनार रखकर तुष्टिकरण की नीति को अपनाया है। सिर्फ अपने वोट बैंक को ध्यान में रखकर कार्य किया है। वहीं केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत का दुनिया में मान सम्मान बढ़ रहा है। देश में भी बगैर किसी भेदभाव के हर वर्ग के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं।
चौहान ने कहा कि भाजपाशासित राज्यों में विकास की नयी इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने मध्यप्रदेश की अनेक जनप्रिय योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि यह सब भाजपा की स्पष्ट नीति, नीयत और विकास के लिए प्रतिबद्धता के कारण संभव हो पा रहा है। उन्होंने सूडान में फसे भारतीयों को सुरक्षित वापस निकालने के लिए चलाए गए ऑपरेशन कावेरी का जिक्र किया और कहा कि इसी तरह मोदी के प्रभाव के चलते रूस और यूक्रेन युद्ध के कारण युद्ध क्षेत्र में फसे भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी कल से दो दिनों तक कर्नाटक की यात्रा पर रहे और उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने भी इस राज्य की जनता से भाजपा को समर्थन देने का अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *