गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेसी नेता अपने लगाए आरोपों के सबूत दें

शिमला : अनुराग सिंह ठाकुर ने शनिवार को कांग्रेस की ओर से भारतीय जनता पार्टी पर हिमाचल के छह बागी विधायकों को 15-15 करोड़ रुपए में खरीदने के आरोपों पर तंज कसते हुए कांग्रेस से इस बात के सबूत पेश करने को कहा। श्री ठाकुर आज हिमाचल प्रदेश प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने सर्वप्रथम बिलासपुर में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में भाग लिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस के नेता आरोप लगा रहे हैं तो हिमाचल की जनता को तथ्य और सबूत जरूर दें। अगर सबूत नहीं दे सकते हैं तो आरोप ना लगाएं। कांग्रेस द्वारा यह अपनी सरकार की विफलताओं को निराधार आरोपों से ढकने का प्रयास है। अगर वह अपना कुनबा नहीं संभाल पाए। लोकसभा चुनाव में अगर कांग्रेस हिमाचल की चारों सीटें हारेगी तो क्या जनता पर भी पैसे लेने का आरोप लगाएगी।
उन्होंने आगे कांग्रेस के घोषणा पत्र को झूठे वादों का पुलिंदा बताते हुए कहा कि कांग्रेस जब भी सत्ता में आई है झूठ, भ्रम और भय दिखा कर आई है। आज जिन-जिन राज्यों में उसने सरकार बनाई है वहां-वहां उसकी सभी गरंटियां फेल हुई हैं। देश उनका चाल, चरित्र और चेहरा जान चुका है और इसीलिए अब देश को सिर्फ और सिर्फ मोदी की गारंटियों पर विश्वास है।’’
हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार व अभिनेत्री कंगना राणावत को कांग्रेस द्वारा ‘पैराशूट उम्मीदवार’ कहे जाने को श्री ठाकुर ने बेहद बेतुका बताते हुए कहा, ‘‘पैराशूट उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी थे जिन्हें कांग्रेस ने हिमाचल से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया था। कंगना जी मंडी और हिमाचल की बेटी हैं जिन्होंने अपने दम पर अपना नाम कमाया है। कंगना मजबूती के साथ लड़ेंगी और रिकॉर्ड वोटों के साथ जीतेंगी।’’
हिमाचल विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेसी बागियों को भाजपा द्वारा टिकट दिए जाने और कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री ठाकुर ने कहा, ‘‘कांग्रेस पहले अपना कुनबा संभाले। पहले कांग्रेस ये बताए कि किन कारणों से उनके छह विधायक, वर्किंग प्रेसिडेंट, पूर्व मंत्री और तीन बार के विधायक उन्हें छोड़कर चले गए।’’
श्री ठाकुर ने कहा, ‘‘श्री मोदी ने सदैव हिमाचल को अपना दूसरा घर माना है। एक छोटे पहाड़ी राज्य को पिछले 10 वर्षों में उन्होंने इतना दिया है जितना पहले के 60 वर्षों में नहीं मिला। इसीलिए इस विकास की रफ्तार को और तेज करने हेतु मोदी जी को हिमाचल की चारों लोकसभा सीटें दीजिए और इसके साथ-साथ उपचुनाव में छह विधानसभाओं में भी भारतीय जनता पार्टी को विजय दिलाइए।’’
हमीरपुर लोकसभा से अपनी जीत पर बोलते हुए श्री ठाकुर ने कहा, ‘‘हमीरपुर की देवतुल्य जनता ने पिछले चार बार से मुझे अपना सांसद चुनकर दिल्ली भेजा है। चौथी बार में जनता ने मुझे चार लाख वोटों से जिताया था।पांचवी बार 5 लाख वोटों से जिताकर अपनी सेवा करने का मौका देंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की क्या मजबूरी थी की डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी का अपमान करना जरूरी समझा। उन्होंने भारत को संविधान बनकर दिया अरे कांग्रेस को तो उनको इतना मान सम्मान देना चाहिए था जैसा नरेंद्र मोदी ने दिया है लेकिन कांग्रेस का मन छोटा था वह नेहरू गांधी परिवार तक ही सीमित थे बाबासाहेब अंबेडकर को उन्होंने कोई मान सम्मान नहीं दिया लेकिन जैसे गैर कांग्रेसी सरकार आई बाबा साहब को भारत रत्न देने का काम भी किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार दलितों, शोषितों व वंचितों को मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें संवैधानिक अधिकार के साथ साथ सामाजिक न्याय और समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
श्री ठाकुर ने कहा कि अनुसूचित जाति के विकास के लिए, उनकी पढ़ाई के लिए, उनको मुख्यधारा में लाने के लिए मोदी सरकार ने विशेष योजनाओं पर काम किया है। मोदी के पिछले नौ वर्षों में वंचित हीं वरीयता में हैं।
उन्होंने कहा,‘‘संविधान दिवस मनाने की शुरुआत मोदी सरकार ने की. पंच तीर्थ को विकसित करने का काम मोदी सरकार ने किया. आज देश के सर्वाेच्च पद पर एक आदिवासी महिला है तो यह भी मोदी सरकार में ही संभव हुआ। इससे पहले हमारे राष्ट्रपति जी अनुसूचित जाति से आते थे। आज हमारे 10 से ज्यादा मंत्री अनुसूचित जाति के हैं। कई राज्यपाल अनुसूचित जाति से हैं। यह सब मोदी सरकार में हीं संभव हुआ। आज मोदी सरकार अपने विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति के लोगों को अंत्योदय से आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रही है।’’
श्री ठाकुर ने सर्वप्रथम भाजपा के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘राष्ट्र प्रथम की मूल भावना के साथ उत्कृष्ट लोकतान्त्रिक मूल्यों से परिपूर्ण, मानवता और भारतीयता के समागम से जुड़ी भाजपा के 44वें स्थापना दिवस की अनंत शुभकामनाएं। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो अपने उद्गम के उदेश्यों को, अपने संकल्पों पर ना सिर्फ़ अडिग है बल्कि उन संकल्पों को सिद्ध करके भी दिखाया है। भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और कर्मठता के कारण ही आज भारत निरंतर प्रगति के अभूतपूर्व पथ पर चलते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के विकसित भारत बनने की ओर अग्रसर है। पिछले 10 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मार्ग पर चलते हुए विकसित भारत की नींव रखी गई है। अगले 25 वर्षों में हम भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएंगे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *