गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस का घोषणा पत्र कर्मकांड, हारी लड़ाई लड़ रही कांग्रेस

भोपाल : लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से आज जारी घोषणा पत्र ‘न्याय पत्र’ को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस का ये पत्र मात्र कर्मकांड है और पार्टी हारी हुई लड़ाई लड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को न्याय पत्र का नाम दिया है, लेकिन कांग्रेस अन्याय के पहाड़ पर बैठी हुई है। पार्टी ने किसान, गरीब, मजदूर, युवा सबके साथ अन्याय करते हुए अपना समय गुजारा। न्याय शब्द उनके मुंह से शोभा नहीं देता।
डॉ यादव ने कहा कि पार्टी ने महिलाओं के साथ भी अन्याय किया। कांग्रेस मध्यप्रदेश की 29 सीटों में से केवल एक सीट पर महिला उम्मीदवार लड़ा रही है, वहीं इसके उलटा भाजपा ने 6 सीटों पर महिलाओं को उतारा है। कांग्रेस की हिस्सेदारी परिवार से बाहर नहीं आने दे रही। कांग्रेस के सभी बड़े नेता और विपक्ष के नेता, इंडिया गठबंधन के सब लोग अपने परिवार से बाहर किसी की हिस्सेदारी बर्दाश्त नहीं करते। उन्होंने गरीब, मजदूर, युवा के साथ कौन कौन से घोटाले नहीं किये। कांग्रेस ने कभी गरीब, किसान, मजदूर के हक का पैसा उनके खाते में नहीं जाने दिया। चुनाव की दृष्टि से कांग्रेस का घोषणा पत्र कर्मकांड है, पार्टी हारी हुई लड़ाई लड़ रही है।
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संविधान बचाने के बयान को लेकर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान का मखौल उड़ाया। श्री गांधी के पुरखों ने संविधान में संशोधन करके उसके मूल स्वरूप को विकृत किया, धारा 370 के माध्यम से पूरे देश में कश्मीर में अलग छवि बनी, जिसके कारण से 40 हजार से ज्यादा लोगों के प्राण गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 हटाकर, संविधान का मान बढ़ाया। भारत की एकता अखंडता को मजबूत किया। कांग्रेस कुछ भी कहे, उनको अब कोई सुनने वाला नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *