गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू भाजपा में शामिल

नई दिल्ली : पंजाब में लुधियाना से कांग्रेस के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए और उन्होंने पंजाब के किसानों, मजदूरों, उद्योगपतियों, नौजवानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के मिशन से जोड़ने का संकल्प लिया।
भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, पार्टी में चुनाव समिति के प्रमुख ओम पाठक और राष्‍ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख ने श्री बिट्टू को सदस्यता पर्ची सौंपी तथा गुलदस्ते के साथ अंगवस्त्र पहना कर भाजपा में उनका स्वागत किया। ऐसा अनुमान है कि श्री बिट्टू लुधियाना से भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
श्री तावड़े ने कहा कि श्री बिट्टू के दादाजी सरदार बेअंत सिंह पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। अब वह श्री मोदी की विकसित भारत की यात्रा को पंजाब में आगे ले जाने के लिए आए हैं। विश्वास है कि पंजाब में भाजपा को मज़बूत करने में वह अपना दायित्व मजबूती से निभाएंगे।
श्री बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से 10 साल से उनके घनिष्ठ संबंध रहे हैं। श्री मोदी और श्री शाह पंजाब से बहुत प्यार करते हैं। वह पुल बन कर पंजाब के किसानों, मजदूरों, उद्योगपतियों, नौजवानों को श्री मोदी के विकसित भारत के मिशन से जोड़ेंगे। बीते 10 साल में देश को आगे बढ़ाने के लिए जो काम हुआ है, उसमें पंजाब क्यों पीछे रहे। उन्होंने कहा कि हम पंजाब के हर वर्ग को भाजपा से जोड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *