ग्वालियर/मुरैना/श्योपुर : नरेंद्र सिंह तोमर ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के नाम पर हमेशा से ही कांग्रेस ने सिर्फ झूठे वादे करके जनता को गुमराह करने का काम किया है, लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद तेजी से विकास कार्य हुए हैं। तोमर ने यह बात मुरैना, ग्वालियर, श्योपुर के विजयपुर, सबलगढ़, श्योपुर, दिमनी एवं सबलगढ़, ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन वाली सरकारों ने मिलकर के प्रदेश को बीमारु राज्य की श्रेणी से निकालकर विकसित राज्य बना दिया। आज आपको गांवों में साफ-सुथरी चौड़ी सीसी रोड, पीने के लिये स्वच्छ जल, सिंचाई के लिये पर्याप्त बिजली पानी बिना किसी परेशानी के मिल रहा है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि का 12 हजार रुपया किसानों के लिये, लाड़ली लक्ष्मी योजना से बच्चियों की जन्मदर में वृद्धि हुई है इतना ही नहीं अब लाड़ली लक्ष्मी को 1 लाख नहीं 2 लाख मिलेंगे। अब ये लाड़लियां अपने माता-पिता पर बोझ नहीं रहेंगी। क्योंकि उनके जन्म से लेकर पढ़ाई और विवाह तक की चिंता हमारी प्रदेश सरकार कर रही है। इसी तरह महिलाओं को आर्थिक रुप से सशक्त बनाने के लिये लाड़ली बहना योजना के तहत 1250 रुपये दिये जा रहे हैं और आगे चलकर ये राशि 3 हजार तक होने वाली है।
तोमर ने कहा कि इतना ही नहीं हमारी प्रदेश सरकार ने अब तय किया है कि जिन लाड़ली बहनों के पास पक्का मकान नहीं है उन्हें पक्का मकान भी दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 50 साल से सत्ता में रही लेकिन न तो प्रदेश में और न इस क्षेत्र में कोई विकास का काम किया। भाजपा ने जो विकास किया है वह बिजली, पानी, सड़क, स्टॉप डेम के रूप में आप सबको दिखाई देता है।
