गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा को हराने के लिये क्षेत्रीय दलों का साथ दे कांग्रेस

लखनऊ : अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि अब समय आ गया है जब कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भूमिका का निर्वहन करे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शिकस्त देने के लिये क्षेत्रीय दलों का साथ दे। यादव ने यहां जारी बयान में कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भूमिका तय करनी चाहिए और जहां जो दल भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ रहे हैं, उनका साथ देना चाहिए। देश की तमाम क्षेत्रीय पार्टियां अपने-अपने राज्यों में भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ रही हैं। भाजपा के खिलाफ लड़ रही देश की सभी पार्टियों को एक साथ आना चाहिए। कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को आगे कर भाजपा को हराने के लिए उनका साथ दे।
उन्होने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में क्षेत्रीय दल बहुत बड़ी भूमिका निभाएंगे और इससे भाजपा का सफाया होगा। समाजवादी विचारधारा राष्ट्रीय विचारधारा है और सपा ने हमेशा राष्ट्रीय राजनीति में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया है और समय आने पर पार्टी फिर अपनी भूमिका मजबूती से निभाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकारी संस्थाओं पर दबाव बनाकर विपक्षी दलों को दबा रही है। उसका यह कृत्य देश की जनता देख रही है और आने वाले समय में देश की राजनीति पर इसका बहुत बड़ा असर होने जा रहा है। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी हर स्तर पर भाजपा का मुकाबला कर रही है, लोकसभा चुनाव में सपा भाजपा को हराएगी। उन्होंने देश और प्रदेश को भाजपा के चंगुल से मुक्त कराने के लिए सभी लोगों से समाजवादी पार्टी का साथ देने की अपील की।
यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर फेल है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी सरेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। प्रदेश ने मुख्यमंत्री के खिलाफ खुद कई गंभीर मुकदमे हैं। सपा ने कई बार मांग की कि सरकार टॉप टेन माफियाओं की सूची जारी करें, लेकिन भाजपा सरकार सूची नहीं जारी कर रही है। प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्या काण्ड का जिक्र करते हुए श्री यादव ने कहा कि घटना के तह में जाने से पता चलता है, उसमें सभी भाजपा से जुड़े लोग शामिल हैं।
भाजपा को देश की सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी बताते हुए उन्होने कहा कि भाजपा दूसरों पर आरोप लगाती है लेकिन खुद सबसे ज्यादा जातिवाद करती है। भाजपा टिकट बांटने से लेकर हर स्तर पर जातिवाद करती है। भाजपा सरकार में मुकदमें भी जाति देख कर लिखे जाते हैं। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में बर्बाद कर दिया है, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बुरा हाल है। निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर ब्रष्टाचार हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश विकास के हर पैरामीटर पर पीछे चला गया है।
यादव ने कहा कि पिछड़ों का सबसे ज्यादा अपमान भाजपा ने किया है। मुख्यमंत्री आवास छोड़ने के बाद उसे गंगाजल से भाजपा ने धुलवाया। क्या यह पिछड़ों का अपमान नहीं है। भाजपा वोट के लिए पिछड़ों का नाम लेती है। उसके बाद धोखा दे देती है। हक और सम्मान नहीं देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *