गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस-सपा का चरित्र राम और राष्ट्र विरोधी

लखनऊ : योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के चाल चरित्र भगवान राम और भारत विरोधी है। सपा नेता रामगोपाल यादव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू यादव के बयानों पर पलटवार करते हुये उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी-कांग्रेस का चरित्र हिंदू और राम विरोधी है। ‘जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखि तिन तैसी’ …। यह रामभक्तों पर गोली चलाने, श्रीराम के अस्तित्व को नकारने और मर्यादा प्रभु श्रीराम की ईश्वरीय सत्ता को चुनौती देने वाले लोग हैं। यह भारत की आस्था, भारत के राष्ट्र नायकों का सम्मान कर सकें, आजादी के आंदोलन में योगदान देने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति श्रद्धा का भाव रख सकें। इन लोगों से ऐसी उम्मीद करना बेमानी है।
योगी ने कहा कि कांग्रेस, सपा, डीएमके, राजद, नेशनल कॉफ्रेंस एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। यह लोग हमेशा से अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करते रहे हैं। इनकी भावनाएं हिंदुओं और भारत की आस्था के विरोध में रहती हैं। इनका चरित्र तुष्टिकरण की नीति को पोषित करने वाला है। यह आतंकवाद समर्थक और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों के विपरीत आचरण करते रहे हैं। ऐसे लोगों से इससे अधिक उम्मीद नहीं की जा सकती है।
योगी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा “ लेकिन यह लोग जान लें कि ईश्वरीय सत्ता को चुनौती देने का मतलब- विनाश काले, विपरीत बुद्धि। इनका वास्तविक चरित्र जनता-जनार्दन समझ रही है। कांग्रेस व इंडी गठबंधन से जुड़े लोगों ने शुरू से प्रयास किया कि अयोध्या में राम मंदिर के मामले में माननीय न्यायालय से फैसला न आने पाए। यह लोग बैरियर बनकर रोड़े अटकाते थे। जब मामला उच्चतम न्यायालय में गया, तब 7-8 वर्षों तक इन लोगों ने कुछ नहीं होने दिया पर जब श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र, फिर राज्य में सरकार बनी तो इस प्रक्रिया को तेजी से बढ़ाया गया। इस पर माननीय उच्चतम न्यायालय ने फैसला दिया। कांग्रेस-सपा व इंडी गठबंधन के लोग रामद्रोहियों के साथ खड़े हुए हैं।
उन्होने कहा कि यह लोग वोट बैंक के लिए न केवल भारत की आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं, बल्कि प्रभु श्रीराम की ईश्वरीय सत्ता को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। इतिहास गवाह है कि जिसने भी ईश्वरीय सत्ता को चुनौती दी है, उसकी दुर्गति हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *