गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस मेहनत से कमाया धन छीनना चाहती है

सागर : मोहन यादव ने आज कहा कि कांग्रेस देश के गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों सहित हम सबका मेहनत से कमाया हुआ धन छीनना चाहती है। यह लोकतंत्र में कभी नहीं हो सकता। यादव ने सागर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश और देश के 140 करोड़ लोगों की चिंता करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। वे भारत को मान-सम्मान दिलाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से हनुमानजी का जीवन सदैव त्याग करने एवं दूसरों को देने के लिए रहा वैसे ही प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भी अपना पूरा जीवन देश सेवा को समर्पित कर दिया। जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने अपने वेतन, भत्तों की राशि भी अपने कर्मचारियों के बच्चों को पढ़ाने-लिखाने के लिए दान कर दी। उन्होंने अपने लिए कभी कुछ नहीं किया। जो भी वेतन, भत्तों की राशि आती है उसे अब गंगा मैया की सेवा में लगा रहे हैं। उन्होंने अपने लिए एक मकान तक नहीं बनाया, लेकिन देश के गरीबों को 4 करोड़ से अधिक आवास बनाकर दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर की धरती पर भी एक ऐसे ही सर डॉ हरिसिंह गौर का जन्म हुआ था, जिन्होंने अपनी पूरी संपत्ति एक विश्वविद्यालय के लिए दे दी और आज उस विश्वविद्यालय का नाम पूरी दुनिया में है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर वर्ग के लोगों से प्रेम करती है। हम गरीबों, आदिवासियों, मुसलमानों सभी से प्रेम करते हैं, तभी तो देश के सर्वोच्च पदों पर इन्हें बैठाते हैं। यह काम कांग्रेस की सरकार में कभी नहीं हुआ।

उन्होंने कभी किसी आदिवासी को, किसी मुसलमान को देश का राष्ट्रपति नहीं बनाया। हम गरीबों से प्रेम करते हैं, इसलिए गरीब घर से निकले हुए व्यक्ति यहां पर प्रधानमंत्री बनते हैं, मुख्यमंत्री बनते हैं। यह काम सिर्फ भाजपा और प्रधानमंत्री श्री मोदी ही कर सकते हैं। कांग्रेस के लोग तो एक-दूसरे को आपस में लड़ाते रहते हैं और इसी आधार पर उनकी राजनीति चलती है। यह काम वे वर्षों से करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *