गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा वापस दिलायेगी कांग्रेस

जम्मू : राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाकर स्थानीय लोगों का हक छीना गया है और कांग्रेस उसका राज्य का दर्जा वापस दिलायेगी।
श्री गांधी ने जम्मू-कश्मीर के रामबन में पार्टी का चुनावी बिगुल फूंकते हुए कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी राज्य को केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया। लोगों का हक छीना गया। कांग्रेस का सबसे पहला काम जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1947 में राजाओं को हटाकर लोकतांत्रिक सरकार बनायी और देश को संविधान दिया। आज जम्मू-कश्मीर में उपराज्यपाल नामक एक राजा बैठा हुआ है, जो जनता का धन छीनकर बाहर के लोगों को दे रहा है, इसलिए कांग्रेस का पहला कदम जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस देने का होगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चाहे या न चाहे, कांग्रेस इतना दबाव डालेगी कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को राज्य का दर्जा देना ही होगा।
कांग्रेस नेता ने जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रमुख एवं पूर्व मंत्री विकार रसूल वानी के पक्ष में बनिहाल विधानसभा क्षेत्र के संगलदान में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। बनिहाल समेत 25 सीटों पर तीन चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 सितंबर को मतदान होगा।
श्री गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का काम नफरत फैलाने का है, कांग्रेस का काम मोहब्बत फैलाने का है। लोकसभा चुनाव में सभी ने देखा कि नफरत को मोहब्बत से हराया जा सकता है। लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छाती चौड़ी कर के आते थे, अब उनके कंधे झुक गए हैं। इस बार उन्होंने संसद में घुसने से पहले संविधान माथे पर लगाया और फिर अंदर गये।
मोदी सरकार पर सिर्फ दो उद्योगपतियों के हित में कार्य करने का आरोप लगाते हुए श्री गांधी ने कहा, “ देश में नरेन्द्र मोदी-अमित शाह, अडानी-अंबानी की सरकार चल रही है। नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में बेरोजगारी फैलाई। पूरी सरकार सिर्फ दो अरबपतियों के लिए चलायी जाती है। जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा भी इन्हीं दो अरबपतियों के लिए छीना गया है। जम्मू-कश्मीर में जो व्यापारी पर्यटन या हस्तशिल्फ की बात करते हैं, उन सभी की आवाज मोदी सरकार ने दबा दी है।”
उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस गठबंधन सरकारी पदों को भरेगा और आयु सीमा 40 साल तक बढ़ायी जाएगी। दिहाड़ी मजदूरों को नियमित तथा स्थायी किया जाएगा और उनकी आमदनी बढ़ाई जाएगी।कांग्रेस का लक्ष्य होगा कि सभी को साथ लेकर जम्मू-कश्मीर की सरकार चलायी जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *