भोपाल : कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई द्वारा आज से प्रदेश सरकार के खिलाफ जनाक्रोश यात्रा निकाली जा रही है। श्री गणेश चतुर्थी के दिन से शुरु हो रहीं ये सात यात्राएं समूचे प्रदेश की 230 विधानसभाओं में लगभग 12 हजार किलोमीटर का सफर तय करेंगी।
पार्टी के सात वरिष्ठ नेता इनका प्रतिनिधित्व करेंगे, जिनमें नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह के अतिरिक्त वरिष्ठ नेता अरुण यादव, कमलेश्वर पटेल, अजय सिंह राहुल, कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचोरी और जीतू पटवारी शामिल हैं। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ सिंह ने श्योपुर के गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की एवं जन आक्रोश यात्रा का शुभारंभ किया।
इस तरह वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने दमोह में भगवान श्री जागेश्वरनाथ धाम में पूजन-अर्चन किया एवं जन आक्रोश यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मध्यप्रदेश के सहप्रभारी सीपी मित्तल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने रीवा के किला प्रांगण से जन आक्रोश यात्रा का शुभारंभ किया। श्री सिंह एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव संजय कपूर ने जन आक्रोश यात्रा के शुभारंभ के पूर्व रीवा के किला प्रांगण में भगवान महामृत्युंजय का अभिषेक किया एवं भगवान श्री गणेश का पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी संजय दत्त के नेतृत्व में खरगोन जिले में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ विजयलक्ष्मी साधौ, पूर्व मंत्री एवं विधायक सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक उमंग सिंगार, विधायक रवि जोशी एवं मप्र युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया जी उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री एवं विधायक जीतू पटवारी ने मंदसौर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की एवं जन आक्रोश यात्रा का शुभारंभ किया।
मध्यप्रदेश में आज से कांग्रेस की जनाक्रोश यात्रा
