मुरैना : विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि कांग्रेस हार के डर से बौखलाकर झूठ फैला रही है और ये प्रदेश में नहीं चलेगा। शर्मा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल की खबर को एडिट करके झूठ परोस रही है। उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस हार के डर से बौखला गई है। भाजपा का हर कार्यकर्ता इनके झूठ का जवाब देने के लिए प्रत्येक बूथ पर सजग प्रहरी बनकर खड़ा है और कमलनाथ तथा दिग्विजय सिंह का झूठ मध्यप्रदेश में नहीं चलेगा। शर्मा ने कहा कि 2003 से पहले मध्यप्रदेश जिस दुर्दशा का शिकार था, उसे लेकर लोगों में व्यापक आक्रोश है। भाजपा द्वारा प्रदेश में जो जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जा रही हैं, वो जनता को बता रही हैं कि बंटाढार युग के मध्यप्रदेश को भाजपा सरकार ने विकास के उच्चतम स्तर पर पहुंचा दिया है। इसके चलते जन आशीर्वाद यात्राओं को व्यापक जन समर्थन मिल रहा है।
