गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तालिबानी है कांग्रेस की सोच

अलवर : देश की हर समस्या के लिये कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस की सोच तालिबानी है, जिसने भक्ति और शक्ति की धरती राजस्थान की परंपराओं को कलंकित करने का काम किया है। तिजारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी योगी बालकनाथ के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा “ कांग्रेस की सोच तालिबानी है और ऐसी तालिबानी सोच का इलाज बजरंगबली की गदा ही है, इसका उदाहरण इजराइल की गाजा में चल रही कार्रवाई में दिख रहा है, जहां चुन-चुनकर आतंकियों को मारा जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि देश की हर समस्या की जड़ कांग्रेस है। कांग्रेस राज होता तो कभी भी राममंदिर मामले का समाधान नहीं होता। मगर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन रहा है। अयोध्या में आज विकास की बयार बह रही है। एक तरफ सरदार पटेल देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहे थे तो वहीं कांग्रेस ने कश्मीर में धारा 370 की समस्या पैदा कर दी, जिसे हमेशा के लिए हटाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने आतंकवाद के ताबूत में अंतिम कील ठोंक दी है। कांग्रेस जो काम 70 साल में नहीं कर सकी वो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साढ़े नौ साल में कर के दिखा दिया।
केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए योगी ने कहा “राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद यहां रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने का कार्य डबल इंजन की ताकत से किया जाएगा। राजस्थान के गौरव, परंपराओं और विरासत पर हर भारतीय को गर्व की अनुभूति होती है। अलवर से हम लोगों का नजदीक का रिश्ता है। योगीराज राजा भर्तृहरि नाथ की भूमि हमारी विरासत का प्रतीक है। यहां की गौरवशाली परंपराओं को कांग्रेस ने कलंकित करने का काम किया है। मुख्यमंत्री गहलोत ने तुष्टिकरण की पराकाष्ठा को पार दिया है। कांग्रेस जहां देश की हर समस्या का नाम है तो वहीं हर समस्या का समाधान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व है।”
गहलोत सरकार को हिन्दू विरोधी बताते हुए उन्होने कहा कि यहां पेशेवर अपराधियों और गुंडों को प्रश्रय दिया जाता है। साथ ही सरकार के संरक्षण में संतों को अपमानित करने का कार्य किया जाता है। जनता को तय करना होगा कि ये तुष्टिकरण का खेल आखिर कब तक चलेगा।
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए बताया कि यूपी 25 करोड़ की आबादी का राज्य है, मगर किसी गुंडे की हिम्मत नहीं होती कि किसी बेटी के सम्मान से खिलवाड़ कर सके। कोई भी गुंडा किसी व्यापारी को परेशान नहीं कर सकता। यूपी में बेटी की सुरक्षा है तो पूज्य संतों का सम्मान भी है। गोवंश को संरक्षण दिया जाता है।
उन्होने कहा कि जिस राज्य में बीजेपी सरकार है वहां डबल इंजन की ताकत से काम हो रहा है। बाबा बालकनाथ भी एक योगी हैं। उन्होंने तिजारा को सितारा बनाने का संकल्प लिया है। आपने इन्हे सांसद के रूप में देखा है। आपके साथ उनका आत्मीय रिश्ता है। अब तिजारा की जिम्मेदारी बनती है कि कोई जातिवाद और भेदभाव न हो। बाबा मस्तनाथ, राजा भर्तृहरि नाथ और बाबा गोरखनाथ का आशीर्वाद बाबा बालकनाथ के साथ है।
यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस दुर्भाग्य से सफल होती है तब फिर से तालिबानी मानसिकता वाले बेटियों की इज्जत पर हमला करेंगे। हम सभी लोगों को राजस्थान को अराजकता का नहीं रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने वाला राज्य बनाना है। जहां गौमाता की सुरक्षा की गारंटी हों। बेटियों और माताओं की सुरक्षा हो। इस प्रदेश को भ्रष्टाचार नहीं, समृद्धि में नंबर एक पर लाना है। योगी आदित्यनाथ ने जनसभा स्थल पर खड़े बुलडोजर को इंगित करते हुए कहा कि ये बुलडोजर जहां एक तरफ दुष्टों का उपचार है तो वहीं विकास और इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए रास्ता बनाने का यंत्र भी है। हम सज्जनों का संरक्षण करते हैं मगर दुष्टों को सजा भी देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *