उज्जैन : मध्यप्रदेश के उज्जैन संभाग के शाजापुर जिले के बेरछा थाना क्षेत्र में एक आरक्षक ने घर में घुसकर प्रेमिका तथा उसके पिता और भाई को गोली मारने के बाद आत्महत्या कर ली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शाजापुर जिले के बेरछा स्टेशन की पटरी पर आज सुबह आरक्षक का शव पुलिस ने बरामद किया। मामला बेरछा गांव का है और प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। पुलिस को जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची और तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता 55 वर्षीय जाकिर को मृत घोषित कर दिया जबकि बेटी शिवानी को गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है। मामूली चोट आने की वजह से भाई राज का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है और आरोपी आरक्षक सुभाष खराड़ी ने वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली है। मृतक आरक्षक की नियुक्ति देवास जिले में थी। इसी दौरान वह शिवानी से मिला था और दोनों में प्यार हो गया था। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।
