कोलकाता : भारत के डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए देश की प्रमुख संचार प्रदाता कंपनी भारती एयरटेल (एयरटेल) और मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक (मेटा) ने सोमवार को एक साथ मिलकर काम करने की घोषणा की है। एयरटेल और मेटा एक साथ मिलकर वैश्विक कनेक्टिविटी अवसंरचना और सीपीएएएस आधारित आधुनिक डिजिटल समाधानों में निवेश करेंगे, जिससे देश के उपभोक्ताओं और उद्यमों की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकें।
देश की संचार अवसंरचाना को बढ़ाने के लिए, एयरटेल भारत में 2 अफ्रीका पर्ल्स का विस्तार करने के लिए मेटा और एसटीसी के साथ मिलकर काम करेगा। 2 अफ्रीका पर्ल्स दुनिया की सबसे लंबी उपसमुद्री केबल प्रणाली है और इसके माध्यम से विश्व में लगभग तीन अरब लोगों को तीव्र इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रदान करने की उम्मीद है।
एयरटेल और मेटा मुंबई में एयरटेल के वर्तमान केंद्रों तक केबल का विस्तार करेंगे और इसके उपसमुद्री नेटवर्क को मजबूती प्रदान करने के लिए समर्पित क्षमता प्राप्त करेंगे। 2 अफ्रीका पर्ल्स भारत की केबल क्षमता में महत्वपूर्ण बढ़ोत्तरी करेगा और वैश्विक रूप से व्यवसायों और उपभाक्ताओं को उच्च स्तरीय एकीकृत समाधान, उच्च गुणवत्ता और आसान अनुभव देने के लिए सशक्त बनाएगा।
वर्तमान में एयरटेल हरियाणा के चुनिंदा जगहों पर 4 जी और 5 जी ओपन रेन समाधान प्रदान करने के लिए परीक्षण कर रहा है और अगले कुछ महीनों में देश के कई स्थानों पर इसे व्यावसायिक रूप से स्थापित करेगा। भारत का व्यवसाय अपने उपभोक्ताओं को डिजिटल सेवा प्रदान करने के लिए क्लाउड-आधारित समाधानों की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। एयरटेल आईक्यू,, दुनिया का पहला नेटवर्क एम्बेडेड कम्युनिकेशंस प्लेटफॉर्म एज ए सर्विस (सीपास) पारिस्थितिकी तंत्र है, जो आवाज, संदेश और वीडियो में क्लाउड संचार प्रदान करता है।
एयरटेल अपने सीपास प्लेटफॉर्म में मेटा के व्हाट्सएप को एकीकृत करेगा। इस एकीकरण के साथ, व्यवसायों और उपभोक्ताओं को एक अद्वितीय ओमनी-चैनल सेवा प्राप्त होगा और वे व्हाट्सएप की समृद्ध सुविधाओं और पहुंच का उपयोग करने में सक्षम बनेंगे। भारती एयरटेल के वैश्विक व्यापार की सीईओ वाणी वेंकटेश ने कहा, “एयरटेल मेटा के साथ अपनी साझेदारी से खुश है और हम दोनों कंपनियां की प्रौद्योगिकी और अवसंरचना का लाभ उठाकर भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था की सेवा करेंगें।
2 अफ्रीका पर्ल्स और ओपन रैन के साथ, हम महत्वपूर्ण और प्रगतिशील कनेक्टिविटी अवसंरचना में निवेश कर रहे हैं जो भारत में हाई-स्पीड डेटा की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए आवश्यक है। हम भारत में अपने उपभोक्ताओं को सर्वश्रेष्ठ डिजिटल अनुभव प्रदान करने के लिए मेटा के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं।”
मेटा के मोबाइल पार्टनरशिप के उपाध्यक्ष फ्रांसिस्को वरेला ने कहा, “नेटवर्क क्षमता और ईंधन नवाचार का समर्थन करने के लिए आवश्यक अवसंरचनाओं में उपसमुद्री-केबल और खुले, विभिन्न नेटवर्क बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं। हम इन सभी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी अवसंरचना को बढ़ावा देने के लिए एयरटेल के साथ काम करने के लिए तत्पर हैं जिसके माध्यम से पूरे भारत के नागरिक और व्यवसाय बेहतर नेटवर्क का अनुभव प्राप्त करने में सक्षम बनेंगे।”
